cgdemandium.com
छत्तीसगढ़समाचार

PM मोदी पहुंचे रायपुर: एयरपोर्ट पर राज्यपाल, अमित शाह, डॉ. रमन सिंह और सीएम साय ने किया स्वागत

PM मोदी पहुंचे रायपुर: एयरपोर्ट पर राज्यपाल, अमित शाह, डॉ. रमन सिंह और सीएम साय ने किया स्वागत


रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार शाम करीब पौने आठ बजे रायपुर पहुंचे, जहां माना एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री के आगमन पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राज्यपाल रमेन डेका, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित कई वरिष्ठ नेताओं और मंत्रियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। कृषि मंत्री रामविचार नेताम, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और वित्त मंत्री ओपी चौधरी भी एयरपोर्ट पर मौजूद रहे।

PM मोदी छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर में शुरू हुए डीजीपी–आईजी सम्मेलन में भाग लेने पहुंचे हैं। यह सम्मेलन देश की आंतरिक सुरक्षा से जुड़े सबसे महत्वपूर्ण आयोजनों में से एक माना जाता है, जिसमें शीर्ष पुलिस अधिकारियों द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर रणनीतिक मंथन किया जाता है।

तीन दिन छत्तीसगढ़ में रहेंगे प्रधानमंत्री मोदी

केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी तीन दिनों तक छत्तीसगढ़ में रहकर सम्मेलन की विभिन्न बैठकों में शामिल होंगे। शुक्रवार रात रायपुर पहुंचने के बाद वे सीधे नवा रायपुर स्थित स्पीकर हाउस के लिए रवाना हो गए, जहां उनके रुकने की व्यवस्था की गई है।

शनिवार को प्रधानमंत्री सुबह 8:15 बजे से रात 8:30 बजे तक सम्मेलन की प्रमुख बैठकों में शामिल होंगे। इन बैठकों में वामपंथी उग्रवाद, आतंकवाद से निपटने की रणनीति, आपदा प्रबंधन, साइबर सुरक्षा और महिला सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। केंद्र सरकार का उद्देश्य इस सम्मेलन के माध्यम से “सुरक्षित भारत” के निर्माण के लिए एक दीर्घकालिक और प्रभावी रोडमैप तैयार करना है।

रविवार को सम्मेलन का करेंगे समापन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को डीजीपी–आईजी सम्मेलन का औपचारिक समापन करेंगे। यह सम्मेलन देशभर के पुलिस महानिदेशकों, महानिरीक्षकों और सुरक्षा विशेषज्ञों को एक साझा मंच पर लाकर सुरक्षा नीतियों को मजबूत करने का अवसर प्रदान करता है। छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री का यह प्रवास राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों स्तरों पर अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



Related posts

सुबह घर पर नहीं दिखा बेटा, पिता को बाड़ी में मिली लाश

Muskan Sharma

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने असम के मुख्यमंत्री हिमन्त बिस्वा सरमा से की मुलाकात

Muskan Sharma

मुख्यमंत्री ने भोरमदेव में मंत्रोच्चारण के साथ किया रुद्राभिषेक, शिव भक्त कावड़ियो से कहा कि भगवान भोलेनाथ का दर्शन बड़े सौभाग्य की बात

Muskan Sharma