अफगानिस्तान और बलूच में जश्न
भारत की इस बड़ी जीत के बाद जहां पाकिस्तान में मायूसी छा गई, वहीं अफगानिस्तान और बलूच क्षेत्र में भारतीय टीम की जीत का जश्न देखने को मिला। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में अफगानिस्तान के फैंस सड़कों पर उतरकर जश्न मनाते नजर आए। वहीं बलूच में भी लोगों ने डांस कर भारत की जीत का उत्सव मनाया।
भारत की पारी
टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 7 विकेट के नुकसान पर 175 रन बनाए। शुरुआत में टीम को बड़ा झटका लगा जब अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद ईशान किशन ने पारी को संभाला और तिलक वर्मा के साथ 46 गेंदों में 87 रन की शानदार साझेदारी की।
ईशान किशन ने 40 गेंदों में 77 रन (3 छक्के, 10 चौके) की धमाकेदार पारी खेली। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 29 गेंदों में 32 रन बनाए और अहम साझेदारियां निभाईं। शिवम दुबे ने 27 रन का योगदान दिया, जबकि रिंकू सिंह ने 4 गेंदों में नाबाद 11 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
पाकिस्तान की ओर से सईम अयूब ने 3 विकेट झटके, जबकि शाहीन अफरीदी, सलमान आगा और उस्मान तारिक को 1-1 सफलता मिली।
पाकिस्तान की पारी
176 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। साहिबजादा फरहान बिना खाता खोले आउट हो गए और टीम ने 13 रन तक 3 विकेट गंवा दिए।
उस्मान खान ने 34 गेंदों में 44 रन की जुझारू पारी खेली और कुछ देर संघर्ष किया। शाहीन अफरीदी ने 23 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। पूरी पाकिस्तानी टीम 18 ओवर में 114 रन पर सिमट गई।
भारत की ओर से हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने 2-2 विकेट लिए, जबकि कुलदीप यादव और तिलक वर्मा को 1-1 सफलता मिली।
भारत की इस शानदार जीत ने न केवल सुपर-8 का रास्ता साफ किया, बल्कि टूर्नामेंट में खिताबी दावेदारी भी मजबूत कर दी है।
