cgdemandium.com
राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय ख़बरें

भारत की मजबूत वैश्विक स्थिति को भाजपा ने बताया कांग्रेस के लिए आईना, एशिया पावर इंडेक्स का दिया हवाला

RAVI 2


नई दिल्ली

 एशिया पावर इंडेक्स 2026 की रिपोर्ट में भारत की मजबूत स्थिति को लेकर देश में सियासत तेज हो गई है। इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद भाजपा ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। भाजपा ने का कहा कि इससे विपक्षी दल को वास्तविकता का एहसास हुआ है। पार्टी ने कहा कि भारत क्षेत्र में एक प्रमुख शक्ति के रूप में अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है।

लोवी इंस्टीट्यूट के अनुसार, भारत का स्कोर 0.5 अंक बढ़कर 40.5 हो गया है। भारत ने एशिया में तीसरे सबसे शक्तिशाली देश के रूप में अपनी स्थिति को मजबूत किया है और रिपोर्ट में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को क्षेत्र का दूसरा सबसे प्रभावी नेता बताया गया है।

भाजपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने लोवी इंस्टीट्यूट की रिपोर्ट के साथ गोल्डमैन सैक्स, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) और अन्य अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों की हालिया रिपोर्टों का हवाला दिया। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर विदेश यात्राओं के दौरान भारत को बदनाम करने के लिए सबसे खराब शब्दावली का इस्तेमाल करने” का आरोप लगाया।

प्रसाद ने आगे कहा कि यह सभी रिपोर्टें ऑनलाइन उपलब्ध हैं। राहुल गांधी, न तो आप खुद पढ़ते हैं और न ही आपको पढ़ाने वाले पढ़ते हैं। उन्होंने राहुल से पूछा कि आप किस आधार पर कह रहे हैं कि भारत की अर्थव्यवस्था का भविष्य बेहद अंधकारमय है और इसमें कोई विकास नहीं हो रहा?

भाजपा वरिष्ठ नेता ने पूछा कि राहुल जी, क्या आपने भारत को बदनाम करने का ठेका ले रखा है? प्रसाद ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अपने परदादा जवाहरलाल नेहरू की सीख का भी पालन नहीं करते। नेहरू कहा करते थे कि विदेश नीति पर सहमति होनी चाहिए, खासकर विदेश में।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि भारत इंडेक्स में शीर्ष पांच देशों में अपनी जगह बनाए रखते हुए प्रभाव बढ़ाने वाला एकमात्र प्रमुख शक्ति वाला देश है। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में कांग्रेस का भविष्य तबाह हो सकता है, जबकि मोदी के नेतृत्व में भारत का भविष्य ‘सुरक्षित, संरक्षित और समृद्ध’ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के ‘झूठ की गूंज’ को वास्तविकता का सामना करना पड़ा है।

भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक आशीष उषा अग्रवाल ने कहा कि भारत का 40.5 का स्कोर उसके बढ़ते रणनीतिक प्रभाव को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह उस देश की प्रगति को दर्शाता है, जो वैश्विक स्तर पर अपनी पहुंच बढ़ा रहा है। भाजपा के राज्यसभा सदस्य विनोद तावड़े ने कहा कि दुनिया भारत के ‘उत्थान के दशक’ को स्वीकार कर रही है। जो लोग विदेशों में भारत को कमजोर बताते हैं, उन्हें दुनिया के आकलन को पढ़ना चाहिए।



Related posts

8th Pay Commission लागू होने में अभी वक्त, लेकिन कर्मचारियों को जल्द मिल सकती है बड़ी राहत

News Desk

Lok Sabha Speaker Election: एक कॉल पर अटकी बात… अचानक विपक्ष ने क्यों उतारा स्पीकर कैंडिडेट?

Muskan Sharma

पुणे में ‘सिया कांड’ से हड़कंप, प्रेमी के लिए मंगेतर को 350 फीट खाई में धकेलकर की हत्या

News Desk