cgdemandium.com
कबीरधाम (कवर्धा)

अयोध्या-काशी यात्रा से लौटे श्रद्धालुओं का कवर्धा में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया भव्य स्वागत

अयोध्या-काशी यात्रा से लौटे श्रद्धालुओं का कवर्धा में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया भव्य स्वागत


कवर्धा। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने रविवार को श्री रामलला दर्शन योजना के अंतर्गत अयोध्या से लौटे कबीरधाम जिले के 63 श्रद्धालुओं का कवर्धा में भव्य स्वागत किया। विधायक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धालुओं का तिलक, माल्यार्पण, शॉल और श्रीफल भेंटकर अभिनंदन किया गया।

इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने अयोध्या और काशी विश्वनाथ मंदिर यात्रा के अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि श्रीरामलला और बाबा विश्वनाथ के दर्शन से उन्हें अद्भुत शांति और संतोष प्राप्त हुआ है। श्रद्धालुओं ने राज्य सरकार की इस पहल को अविस्मरणीय बताते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने श्रद्धालुओं से चर्चा करते हुए कहा कि “श्रीरामलला का दर्शन हर श्रद्धालु के लिए पवित्र और अविस्मरणीय अनुभव है। समाज के लंबे संघर्ष के बाद अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण हुआ है और आज भगवान श्रीराम वहां विराजमान हैं। इस यात्रा से मिली आध्यात्मिक ऊर्जा और आनंद को श्रद्धालु अपने गांव-गांव तक पहुंचाएं।”

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में श्री रामलला दर्शन योजना के अंतर्गत प्रदेश के 18 से 75 वर्ष तक के श्रद्धालु निःशुल्क शासकीय सहायता से अयोध्या और काशी विश्वनाथ दर्शन का लाभ उठा सकते हैं। यह योजना जीवन में एक बार निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान करती है।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि यह पहल धार्मिक पर्यटन को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर को सशक्त बना रही है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

गौरतलब है कि अब तक कबीरधाम जिले के 553 श्रद्धालु इस योजना का लाभ ले चुके हैं। श्रद्धालुओं ने इस अवसर पर राज्य सरकार के स्वागत-सत्कार और यात्रा की व्यवस्थाओं के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।



Related posts

कवर्धा में मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बुलेट जब्त, नाबालिग चला रहा था वाहन, कोर्ट ने लगाया ₹15,500 जुर्माना

News Desk

हर घर तिरंगा अभियान के तहत देश भक्ति संगीत कार्यक्रम में कलाकारों ने दी शानदार प्रस्तुती

Muskan Sharma

कुकदुर थाना क्षेत्र की अंधी हत्या की गुत्थी 4 माह बाद सुलझी, दो विधि से संघर्षरत बालक गिरफ्तार

News Desk