cgdemandium.com
छत्तीसगढ़समाचार

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दी डॉ. रमन सिंह को जन्मदिन की शुभकामनाएं — कहा, “जन-जन के नेता जिन्होंने छत्तीसगढ़ को दी नई दिशा”

img 1736


रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह को उनके जन्मदिन पर हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर रायपुर के राजनांदगांव स्थित स्टेट स्कूल ग्राउंड में युवा वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा भव्य समारोह आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि डॉ. रमन सिंह जन-जन के नेता हैं, जिन्होंने छत्तीसगढ़ को विकास की नई दिशा दी। उन्होंने कहा—“प्रभु से मेरी यही प्रार्थना है कि डॉ. रमन सिंह जी दीर्घायु हों, स्वस्थ रहें और अपना मार्गदर्शन हमें सदैव देते रहें।”

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में डॉ. सिंह के 15 वर्ष के कार्यकाल को छत्तीसगढ़ के सर्वांगीण विकास का स्वर्णिम अध्याय बताया। उन्होंने कहा कि डॉ. सिंह के नेतृत्व में प्रदेश में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) का ऐसा प्रभावी मॉडल लागू हुआ, जिसे पूरे देश ने अपनाया। गरीबों और वंचितों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराने की योजना आज भी उनकी संवेदनशीलता की मिसाल है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि किसानों को सशक्त बनाने की दिशा में डॉ. रमन सिंह के प्रयास ऐतिहासिक रहे। उन्होंने धान खरीदी की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाकर किसानों को उनकी उपज का पूरा मूल्य दिलाया। आज प्रदेश में किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान का भुगतान और 21 क्विंटल प्रति एकड़ तक खरीदी इसी मॉडल की निरंतरता है।

उन्होंने आगे कहा कि डॉ. सिंह के नेतृत्व में शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में क्रांतिकारी सुधार हुए, विशेषकर जनजातीय अंचलों में स्कूलों और अस्पतालों की गुणवत्ता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दंतेवाड़ा की एजुकेशन सिटी का दौरा कर राज्य की इस उपलब्धि की सराहना की थी।

मुख्यमंत्री श्री साय ने डॉ. रमन सिंह की सादगी और मितभाषिता को उनकी पहचान बताया। उन्होंने कहा कि वे अपनी विशाल उपलब्धियों के बावजूद सदैव विनम्र रहे हैं और छोटे-बड़े हर व्यक्ति से सहजता से मिलते हैं।

उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि इस वर्ष छत्तीसगढ़ विधानसभा अपनी रजत जयंती मना रही है। डॉ. सिंह के नेतृत्व में विधानसभा ने “प्रबोधन कार्यक्रम” जैसे कई नवाचार किए, जिनसे विधायकों को संसदीय परंपराओं और लोकतांत्रिक मूल्यों की गहन समझ मिली।

कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायक पद्मश्री कैलाश खेर ने अपनी मनमोहक प्रस्तुति से समारोह को सुरमयी बना दिया। इस अवसर पर कृषि मंत्री रामविचार नेताम, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Advertisement



Related posts

मतगणना के परिणाम का टेबुलेशन के लिए अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण

Muskan Sharma

भ्रष्टाचार पर भाजपा का भूपेश को पत्र:सौम्या चौरसिया पर चुप्पी तोड़े भूपेश :भाजपा

Muskan Sharma

‘वंदे मातरम्’ की 150 वर्षों की गौरवशाली यात्रा, सेनानियों के योगदान और सुशासन की उपलब्धियों का प्रदर्शन

News Desk