cgdemandium.com
कबीरधाम (कवर्धा)

भव्यता और संस्कृति का संगम: भोरमदेव महोत्सव 26-27 मार्च को, हंसराज रघुवंशी, अनुज शर्मा सहित कई कलाकार करेंगे प्रस्तुति

भव्यता और संस्कृति का संगम: भोरमदेव महोत्सव 26-27 मार्च को, हंसराज रघुवंशी, अनुज शर्मा सहित कई कलाकार करेंगे प्रस्तुति


कवर्धा। छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर और ऐतिहासिक पर्यटन स्थल भोरमदेव में आयोजित होने वाले भोरमदेव महोत्सव 2025 की तैयारियां अपने अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 26 एवं 27 मार्च को आयोजित इस महोत्सव में प्रदेश की कला, संस्कृति और परंपराओं को भव्य मंच प्रदान किया जाएगा। यह आयोजन छत्तीसगढ़ के पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय कलाकारों और लोक संस्कृति को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध होगा।

प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की पहल और मार्गदर्शन में यह महोत्सव भव्य स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। महोत्सव के उद्घाटन अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह मुख्य अतिथि होंगे, जबकि समापन समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल होंगे।

महान विभूतियों की उपस्थिति से गरिमामय होगा आयोजन

भोरमदेव महोत्सव में प्रदेश और देश के कई गणमान्य अतिथि शामिल होंगे। उद्घाटन समारोह में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा, सांसद संतोष पाण्डेय, विधायक भावना बोहरा, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष विशेंषर पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, राजेन्द्र चंद्रवंशी, पूर्व संसदीय सचिव डॉ. सियाराम साहू, मोतीराम चंद्रवंशी, पूर्व विधायक अशोक साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, बोड़ला जनपद अध्यक्ष बालका रामकिंकर वर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। समापन समारोह के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे।

भक्ति, संगीत और नृत्य की मिलेगी सौगात

भोरमदेव महोत्सव का मुख्य आकर्षण देशभर के प्रसिद्ध कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियां होंगी। 26 मार्च को भक्ति और संगीत का संगम देखने को मिलेगा, जब प्रसिद्ध भजन गायक हंसराज रघुवंशी अपनी मनमोहक प्रस्तुति देंगे। छत्तीसगढ़ी लोक संगीत को समर्पित अनुराग शर्मा अपनी सुरीली आवाज से दर्शकों का मन मोह लेंगे।

इसके अलावा, विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में बैगा नृत्य, कत्थक, भरतनाट्यम और छत्तीसगढ़ी लोक नृत्य शामिल होंगे। प्रमुख प्रस्तुतियों में बसंता बाई द्वारा बैगा नृत्य, ईशिका गिरी और रितीलाल द्वारा कत्थक, गितिका बांसुरीली द्वारा बांसुरी वादन, प्रभंजन चतुर्वेदी द्वारा भजन गायन और प्रमोद सेन व उनकी टीम द्वारा छत्तीसगढ़ी लोक कला मंच की प्रस्तुति शामिल होगी।

समापन समारोह में चमकेगी छत्तीसगढ़ी संस्कृति

27 मार्च को भोरमदेव महोत्सव का समापन भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ किया जाएगा। इस दिन पद्मश्री अनुज शर्मा अपनी मधुर आवाज से संगीतमय समां बांधेंगे, जबकि सोनी टीवी सुपर डांसर फेम अनिल टांडी अपनी डांस प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर देंगे।

समापन समारोह में स्थानीय कलाकारों की विशेष प्रस्तुतियां भी होंगी, जिसमें संगीता कापसे और राधिका शर्मा का कत्थक नृत्य, दानी वर्मा की छत्तीसगढ़ी लोक विधा परसा के फुल, नासीर निदंर का भजन गायन और दुष्यंत हरमुख के नेतृत्व में रंग झरोखा लोक कला मंच का विशेष प्रदर्शन शामिल रहेगा। इसके अलावा, एक भव्य लेजर एवं लाइट शो का आयोजन भी होगा, जो पूरे महोत्सव को यादगार बना देगा।

पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा

भोरमदेव महोत्सव न केवल एक सांस्कृतिक आयोजन है, बल्कि छत्तीसगढ़ के पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का भी एक सुनहरा अवसर है। इस आयोजन से स्थानीय कलाकारों, हस्तशिल्पियों और उद्यमियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच मिलेगा।

कलेक्टर गोपाल वर्मा के नेतृत्व में प्रशासन ने महोत्सव को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं। महोत्सव स्थल पर सुरक्षा, पेयजल, विद्युत, पार्किंग, शौचालय और अन्य बुनियादी सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है।



Related posts

जिला अस्पताल में संसाधनों का उपयोग करते हुए मरीजों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराएं-कलेक्टर श्री जनमेजय महोबे

Muskan Sharma

त्यौहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए डीजे संचालकों की बैठक ली

Muskan Sharma

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह कवर्धा में परिवार और क्षेत्रवासियों संग मनाएंगे दीपावली

News Desk