रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र सोमवार से शुरू होने जा रहा है। इस बीच विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विपक्ष से अपील की कि वे सदन की कार्यवाही का अधिक से अधिक उपयोग करें। उन्होंने कहा, “विधानसभा के बाहर जितना सक्रिय रहे, उससे ज्यादा भीतर सक्रिय रहें तो बेहतर होगा।”
राज्यपाल के अभिभाषण से होगी सत्र की शुरुआत, 3 मार्च को पेश होगा बजट
बजट सत्र की शुरुआत सोमवार को राज्यपाल के अभिभाषण से होगी। यह सत्र 21 मार्च तक चलेगा, जिसमें कुल 17 बैठकें होंगी। वित्त मंत्री ओपी चौधरी 3 मार्च को बजट पेश करेंगे। इस सत्र को लेकर 2,367 सवाल लगाए गए हैं।
सत्र के पहले दिन राज्यपाल के अभिभाषण के बाद विधानसभा सदस्य निर्माणाधीन विधानसभा भवन का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने संकेत दिए कि नए विधानसभा भवन का उद्घाटन इस साल के अंत तक किया जा सकता है।
नए विधायकों को IIM में मिलेगा प्रशिक्षण, विदेश भेजने पर भी विचार
बजट सत्र के बाद नए विधायकों को इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (IIM) में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद उन्हें विदेश में प्रशिक्षण देने पर भी विचार किया जा रहा है। सोमवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह नए विधानसभा भवन का निरीक्षण करेंगे, जिसमें मंत्री और विधायक भी मौजूद रहेंगे।
निकाय चुनाव में भाजपा की बंपर जीत, रमन सिंह बोले – ‘हैट्रिक लगी है’
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा की जीत को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा, “आज भारत-पाकिस्तान का मैच है, उसी अंदाज में जवाब दूं तो भाजपा ने निकाय चुनाव में हैट्रिक लगाई है। यह ऐतिहासिक रिजल्ट है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मोदी की गारंटी पूरी करने की दिशा में शानदार काम किया है।”
भाजपा विधायक दल की बैठक आज शाम को, विपक्ष के सवालों पर बनेगी रणनीति
छत्तीसगढ़ भाजपा विधायक दल की बैठक सोमवार शाम 7 बजे नए मुख्यमंत्री निवास में होगी। इस बैठक में बजट सत्र के दौरान विपक्ष के सवालों से निपटने की रणनीति बनाई जाएगी और विधायकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
बजट सत्र को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है, ऐसे में सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच गहमागहमी देखने को मिल सकती है।
