cgdemandium.com
छत्तीसगढ़समाचार

एमएलसी पद से इस्तीफा देंगे नीतीश कुमार, मुख्यमंत्री पद पर भी सस्पेंस

OIP


पटना। बिहार की राजनीति में इन दिनों हलचल तेज हो गई है। खबर है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जल्द ही बिहार विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे सकते हैं। सूत्रों के अनुसार वे 30 अप्रैल तक अपने एमएलसी पद से त्यागपत्र दे सकते हैं और उसके बाद राज्यसभा की सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं।

हाल ही में हुए राज्यसभा चुनाव में नीतीश कुमार निर्वाचित हुए हैं। नियमों के अनुसार संसद के लिए चुने जाने के बाद किसी भी जनप्रतिनिधि को तय समय सीमा के भीतर राज्य की विधानसभा या विधान परिषद की सदस्यता छोड़नी होती है। ऐसे में विधान परिषद से इस्तीफा देने के बाद उनके मुख्यमंत्री पद को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।

सूत्रों का कहना है कि 13 अप्रैल के बाद वे कभी भी मुख्यमंत्री पद छोड़ने का फैसला ले सकते हैं। यदि वे राज्य विधानमंडल के सदस्य नहीं रहते हैं तो संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार उन्हें मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देना होगा। इसी वजह से राज्य की राजनीति में संभावित बदलाव को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।

इस बीच बिहार विधानसभा के अध्यक्ष प्रेम कुमार ने भी संकेत दिया है कि मुख्यमंत्री 30 अप्रैल के आसपास विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे सकते हैं, जिसके बाद वे राज्यसभा की औपचारिक सदस्यता ग्रहण करेंगे।

नीतीश कुमार के दिल्ली जाने की चर्चाओं पर बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि उनका सदन से जाना राज्य की राजनीति के लिए महत्वपूर्ण होगा। उन्होंने कहा कि परिस्थितियों के अनुसार यह उनका व्यक्तिगत निर्णय है। हालांकि कई नेता चाहते हैं कि वे बिहार की राजनीति में सक्रिय बने रहें।

फिलहाल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ओर से इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ऐसे में आने वाले दिनों में बिहार की राजनीति में बड़े घटनाक्रम की संभावना जताई जा रही है।



Related posts

राज्य में पहली बार दीपावली के दिन स्वच्छता दीदियों और कमांडो का मंत्री निवास में स्नेहिल सम्मान — उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा

News Desk

मुख्यमंत्री ने किया दैनिक जशपुरांचल की रजत जयंती स्मारिका का विमोचन

News Desk

फूलो की खेती से दीदियों को मिलेगी अतिरिक्त आमदनी

Muskan Sharma