cgdemandium.com
छत्तीसगढ़समाचार

नक्सल विरोधी अभियान में घायल वीर जवानों का गृहमंत्री विजय शर्मा ने किया आत्मीय सम्मान

photo output 8 scaled


राज्य सरकार घायल जवानों के पुनर्वास, चिकित्सा और परिजनों की सहायता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध — उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा

कवर्धा। राजधानी रायपुर में आयोजित “एक शाम वीर जवानों के नाम” कार्यक्रम में नक्सल विरोधी अभियानों में घायल हुए जवानों का आत्मीय सम्मान किया गया। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने इस अवसर पर बस्तर संभाग के डिस्ट्रीक्ट रिजर्व ग्रुप (DRG) और बस्तर फाइटर्स के उन वीर जवानों का अभिनंदन किया, जिन्होंने नक्सल विरोधी अभियानों में गोलियों और आईईडी विस्फोटों का सामना करते हुए अदम्य साहस का परिचय दिया।

कार्यक्रम के पश्चात गृहमंत्री श्री शर्मा ने सभी घायल जवानों को अपने शासकीय निवास पर आमंत्रित कर स्नेहपूर्वक भोजन कराया और दीपावली पर्व के उपलक्ष्य में उपहार भेंट किए। उन्होंने जवानों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली।

श्री शर्मा ने इस अवसर पर कहा —

इन वीर जवानों ने संविधान, लोकतंत्र और आम जनता की सुरक्षा के लिए अपने जीवन को जोखिम में डालकर जो त्याग किया है, वह अद्वितीय है। राज्य सरकार उनके उपचार, पुनर्वास और परिवारों की देखभाल की पूरी जिम्मेदारी निभाएगी।”

उन्होंने कहा कि सरकार प्रत्येक घायल जवान के साथ व्यक्तिगत रूप से खड़ी है। चिकित्सा सुविधा, कृत्रिम अंगों की उपलब्धता, सेवा में पुनर्व्यवस्था और बच्चों की शिक्षा — इन सभी विषयों पर प्राथमिकता के साथ कार्य किया जाएगा।

गृहमंत्री ने आगे कहा कि घायल जवान केवल सुरक्षा बलों के सदस्य नहीं, बल्कि समाज के संरक्षक हैं। उनके त्याग का सम्मान केवल शब्दों से नहीं, बल्कि व्यवहार और संवेदना से किया जाना चाहिए।

कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि छत्तीसगढ़ केवल संघर्ष की भूमि नहीं, बल्कि वीरता, संवेदना और मानवीयता की भी धरती है। विष्णुदेव साय सरकार ने यह स्पष्ट किया है कि राष्ट्र की सेवा में समर्पित हर जवान का सम्मान सर्वोपरि है — उनका साहस और बलिदान सदैव स्वर्णाक्षरों में अंकित रहेगा।

Advertisement



Related posts

शराब पिकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्यवाही जारी, सुरक्षा के लिए सख्त कदम उठाए गए

Muskan Sharma

महादेव सट्‌टा केस में भूपेश बघेल पर FIR:छत्तीसगढ़ के पूर्व CM सहित 21 आरोपी; ED बोली-ऐप प्रमोटर्स ने हवाला के जरिए दी रकम

Muskan Sharma

एक बार फिर आंदोलन के मूड में CJP, सरकार के खिलाफ क्यों तेज हुए विरोध के सुर?

News Desk