cgdemandium.com
छत्तीसगढ़समाचार

‘हवाई चप्पल पहनने वाला भी हवाई यात्रा कर सके’ प्रधानमंत्री का यह सपना छत्तीसगढ़ में भी हो रहा है साकार : मुख्यमंत्री श्री साय

1774865693 42da717df466dca6f95b


रायपुर : प्रदेश में हवाई संपर्क को सुदृढ़ बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज चंदखुरी स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी से अंबिकापुर–दिल्ली–कोलकाता हवाई सेवा का वर्चुअल शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के प्रमुख शहरों को हवाई सेवाओं से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, ताकि आम लोगों को भी सुलभ हवाई यात्रा की सुविधा मिल सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह परिकल्पना रही है कि “हवाई चप्पल पहनने वाला व्यक्ति भी हवाई यात्रा कर सके” और छत्तीसगढ़ में यह सपना अब साकार होता दिखाई दे रहा है। उन्होंने सरगुजा अंचल के नागरिकों को बधाई देते हुए कहा कि दिल्ली और कोलकाता से सीधा हवाई संपर्क स्थापित होने से क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में हवाई सेवाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। हाल ही में बिलासपुर एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग सुविधा शुरू की गई है, वहीं बजट में ‘सीजी वायु’ योजना के माध्यम से घरेलू विमान सेवाओं के संचालन का प्रावधान भी किया गया है। इसके अलावा रायपुर एयरपोर्ट पर कार्गो सेवा शुरू होने से प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि अंबिकापुर (दरिमा) में 72-सीटर विमान के संचालन से दिल्ली–अंबिकापुर–कोलकाता के बीच कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। उन्होंने बताया कि बिलासपुर में नाइट लैंडिंग सुविधा के साथ-साथ दक्षिण छत्तीसगढ़ में जगदलपुर में भी हवाई संपर्क का विस्तार किया जा रहा है।

कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से मंत्री राजेश अग्रवाल और सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने भी मुख्यमंत्री को इस पहल के लिए बधाई दी।

दरअसल, अंबिकापुर स्थित मां महामाया एयरपोर्ट (दरिमा) का विकास केंद्र सरकार की क्षेत्रीय संपर्क योजना उड़ान के तहत किया गया है। वर्ष 1950 में निर्मित इस हवाई पट्टी का विस्तार कर रनवे को 1500 मीटर से बढ़ाकर 1800 मीटर किया गया है, जिससे अब एटीआर जैसे बड़े विमान यहां उतर सकते हैं। लगभग 365 एकड़ में फैले इस एयरपोर्ट के सिविल और विद्युतीकरण कार्यों के लिए 48.25 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए थे।

एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन का उन्नयन 72 यात्रियों की क्षमता के अनुरूप किया गया है। यहां करीब 100 वाहनों की पार्किंग सुविधा और टर्मिनल भवन तक फोरलेन सड़क का निर्माण भी किया गया है।

इस नई हवाई सेवा के शुरू होने से सरगुजा संभाग सीधे राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से जुड़ जाएगा, जिससे व्यापार, निवेश और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। मैनपाट, तातापानी और क्षेत्र के प्रसिद्ध जलप्रपातों जैसे पर्यटन स्थलों तक पहुंच भी अब आसान हो सकेगी।

विमानन कंपनी एलायंस एयर इन उड़ानों का संचालन करेगी। यह सेवा सप्ताह में चार दिन उपलब्ध रहेगी और यात्रियों के लिए टिकट बुकिंग आधिकारिक वेबसाइट पर शुरू हो चुकी है।

1774865656 2b4144f22d387a14856e

उड़ानों का संभावित शेड्यूल
दिल्ली रूट (सोमवार और बुधवार)

  • सोमवार: दिल्ली से बिलासपुर होते हुए सुबह 11:35 बजे अंबिकापुर आगमन, दोपहर 12:00 बजे अंबिकापुर से दिल्ली के लिए प्रस्थान।
  • बुधवार: सुबह 10:25 बजे अंबिकापुर आगमन, दोपहर 12:00 बजे बिलासपुर होते हुए दिल्ली के लिए उड़ान।

कोलकाता रूट (गुरुवार और शनिवार)

  • शनिवार: कोलकाता से बिलासपुर होते हुए सुबह 10:00 बजे अंबिकापुर आगमन, 10:25 बजे कोलकाता के लिए प्रस्थान।
  • गुरुवार: सुबह 08:50 बजे अंबिकापुर आगमन, 09:15 बजे बिलासपुर होते हुए कोलकाता के लिए उड़ान।

नई हवाई सेवा के शुरू होने से सरगुजा और उत्तर छत्तीसगढ़ के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी तथा क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।



Related posts

पीएम जनमन योजना से लाभान्वित हो रहे विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा समुदाय के हितग्राही ज़िले में अब तक 7215 हितग्राहियों के आवास हुए

Muskan Sharma

तीजनबाई को अंतिम नमन: संगम में अस्थि विसर्जन के बाद गनियारी में आज श्रद्धांजलि सभा

News Desk

लोकसभा चुनाव में लगेंगे 300 वाहन और सभी होंगे जीपीएस से लैस

Muskan Sharma